google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ओबीसी सर्वे को लेकर रावणा राजपूत समाज का बड़ा जनजागरण अभियान, जिलेभर में ‘रावणा राजपूत’ पहचान दर्ज कराने का लिया संकल्प

पाली : राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ओबीसी वर्गीकरण सर्वे को लेकर रावणा राजपूत समाज, पाली ने रविवार को जिलेभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में जागरूकता पोस्टरों का विमोचन किया गया तथा समाजबंधुओं को राजधारा ऐप के माध्यम से सर्वे में सही जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से सर्वे के जाति कॉलम में ‘रावणा राजपूत’ नाम दर्ज कराने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

समाज के जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह परिहार के सान्निध्य में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर ओबीसी वर्गीकरण सर्वे के महत्व को समझाना और समाज की वास्तविक सामाजिक पहचान को सटीक रूप से दर्ज कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

समाज के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव और शहर-शहर जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसके तहत जागरूकता पोस्टरों का विमोचन किया जा रहा है और लोगों को राजधारा ऐप डाउनलोड कर सर्वे में समय पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के तहत पाली शहर में राजू सिंह चौहान, गुंदोज में रघुनाथ सिंह पंवार, रानी में जय सिंह सिसोदिया एवं एडवोकेट राजेंद्र सिंह, फलना में सुख सिंह, देसूरी में भीम सिंह, नाडोल में नरपत सिंह, बिसलपुर में गोपाल सिंह कच्छवाह, राजू सिंह गहलोत, मंगू सिंह गहलोत एवं बद्री सिंह, बेड़ा में रतन सिंह तथा सुमेरपुर में तेजपाल सिंह एवं प्रभु सिंह के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर समाजबंधुओं ने एक स्वर में सर्वे के दौरान अपनी जातीय पहचान “रावणा राजपूत” के रूप में दर्ज कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी वर्गीकरण सर्वे समाज की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक स्थिति और पहचान को मजबूती से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। यदि प्रत्येक परिवार सही जानकारी दर्ज कराएगा तो भविष्य में समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक विषयों में सटीक आंकड़ों का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार से अपील की कि वे स्वयं भी राजधारा ऐप के माध्यम से अपना पंजीयन पूर्ण करें और अपने परिचितों एवं समाजबंधुओं को भी सर्वे में भागीदारी के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

कार्यक्रमों के दौरान जिलेभर में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिला प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने समाज की एकजुटता को मजबूत करने और ओबीसी वर्गीकरण सर्वे को सफल बनाने का संकल्प दोहराते हुए अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button