
पाली। पाली के दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के कक्षा 8 के छात्र राघव सोनी ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और टाइम ट्रैवल पर आधारित एक विज्ञान-कथा पुस्तक लिखी है। उनकी यह पुस्तक BriBooks पर प्रकाशित हो चुकी है और ऑनलाइन पाठकों के लिए उपलब्ध है।
पुस्तक की कहानी ‘जैक’ नामक एक बालक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अचानक भविष्य की ऐसी दुनिया में पहुंच जाता है, जहां अत्याधुनिक रोबोट्स ने मानव सभ्यता पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। सभी मनुष्य रोबोट्स के आदेश मानने को मजबूर हैं, लेकिन वर्तमान समय से पहुंचा जैक उनके नियंत्रण में नहीं आता।

कहानी में जैक अपनी बुद्धिमत्ता, साहस और वैज्ञानिक सोच के बल पर रोबोट्स की शक्ति के मुख्य स्रोत का पता लगाता है और उनकी पावर सप्लाई बंद कर देता है। इसके साथ ही रोबोट्स का साम्राज्य समाप्त हो जाता है, मानवता स्वतंत्र हो जाती है और जैक सुरक्षित अपने समय में लौट आता है।
यह पुस्तक बच्चों और युवाओं को यह संदेश देती है कि तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग मानवता की सेवा के लिए होना चाहिए, उस पर शासन करने के लिए नहीं। पुस्तक विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार, रचनात्मक सोच और जिम्मेदार तकनीकी उपयोग के लिए प्रेरित करती है।
राघव सोनी, राजकीय मेडिकल कॉलेज, पाली के पल्मोनरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण सोनी और माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनी के पुत्र हैं।
इच्छुक पाठक इस पुस्तक को BriBooks की वेबसाइट www.bribooks.com के माध्यम से खरीद सकते हैं।



