शहरी सेवा शिविर बना महिलाओं के स्वरोजगार का सहारा, बाली की कनीजा को पीएम स्वनिधि योजना से मिला ₹15 हजार ऋण स्वीकृति पत्र

पाली : राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी पहल शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ पहुंचाने में प्रभावी साबित हो रही है। पाली जिले के बाली नगरपालिका क्षेत्र में आयोजित शहरी सेवा शिविर में एक महिला के स्वरोजगार को नई उड़ान मिली, जहां कनीजा पत्नी अख्तर खान को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत मात्र कुछ ही समय में 15 हजार रुपये के ऋण का एलओआर (लेटर ऑफ रिकमेंडेशन) पत्र जारी कर राहत प्रदान की गई।
बाली निवासी कनीजा सिलाई कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आय में वृद्धि के उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया। आवेदन मिलते ही शिविर प्रभारी एवं अधिशासी अधिकारी महेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने दस्तावेजों की मौके पर जांच कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दीं और प्रथम चरण में 15 हजार रुपये के ऋण की स्वीकृति के लिए एलओआर पत्र सौंप दिया।
योजना का लाभ मिलने के बाद कनीजा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके सिलाई व्यवसाय को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे वे बेहतर संसाधन जुटाकर अपने काम को बढ़ा सकेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
उन्होंने राजस्थान सरकार और नगरपालिका मंडल बाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अब बिना अनावश्यक भागदौड़ के सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है।
शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी की जा रही है। इससे आम नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाएं मिल रही हैं और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का लाभ भी तेजी से जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।



