google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

‘आओ गांव चलें’ अभियान को मिली बड़ी सफलता, प्रवासी भामाशाह ने अपने गांव के स्कूल के लिए दिए 3 करोड़ रुपये

पाली : पाली जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘आओ गांव चलें’ अभियान अब प्रवासी पालीवासियों को अपनी जन्मभूमि के विकास से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता उस समय मिली, जब चेन्नई निवासी एवं रानी ब्लॉक के पिलोवनी गांव के मूल निवासी प्रवासी भामाशाह ताराचंद जैन ने अपने गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से नवीन विद्यालय भवन निर्माण कराने की सहमति प्रदान की।

ताराचंद जैन ने जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी से मुलाकात कर विद्यालय भवन निर्माण के लिए सहयोग का सहमति पत्र सौंपा। इस महत्वपूर्ण योगदान से पिलोवनी गांव में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय भवन का निर्माण संभव हो सकेगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

जिला प्रशासन ने इस जनहितकारी सहयोग के लिए भामाशाह ताराचंद जैन का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने कहा कि ‘आओ गांव चलें’ अभियान का उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे प्रवासी पालीवासियों को अपनी मातृभूमि के विकास से जोड़ना है, ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में भागीदारी निभा सकें।

उन्होंने कहा कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और बड़ी संख्या में प्रवासी भामाशाह अपने गांवों में विकास कार्यों के लिए आगे आ रहे हैं। उनके सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

तीन करोड़ रुपये की इस सहयोग राशि से पिलोवनी गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का नया भवन तैयार होगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल अन्य प्रवासी पालीवासियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और वे भी अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान देने के लिए आगे आएंगे।

‘आओ गांव चलें’ अभियान के माध्यम से पाली जिले में जनसहभागिता का नया मॉडल विकसित हो रहा है, जो सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक सहयोग को जोड़कर ग्रामीण विकास की नई मिसाल कायम कर रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button