google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थानराज्य

79 साल बाद भी विकास से कोसों दूर राखाना भीलों की ढाणी, सड़क-पानी-स्कूल के लिए उठी आवाज

पाली : पाली जिले की रोहट पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली राखाना भीलों की ढाणी आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन जीने को मजबूर है। आजादी के करीब 79 वर्ष बाद भी यहां रहने वाले आदिवासी (एसटी) परिवार सड़क, पेयजल, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इन गंभीर समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष एवं किसान नेता मदन सिंह जागरवाल ने गांव का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मुख्यमंत्री तथा जिला कलक्टर को ज्ञापन भेजकर तत्काल समाधान की मांग की।

जागरवाल ने बताया कि करीब 50 वर्षों से आबाद इस ढाणी में रहने वाले परिवार खेती और मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं, लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ आज तक पूरी तरह नहीं पहुंच सका। उन्होंने कहा कि विकास के दावों के बीच यह गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि ढाणी में पांचवीं कक्षा तक का विद्यालय भवन बना हुआ है, लेकिन वर्षों से उस पर ताला लगा है। मजबूरी में छोटे-छोटे बच्चों को रोज करीब तीन किलोमीटर पैदल राखाना गांव जाकर पढ़ाई करनी पड़ती है। बरसात के मौसम में रास्ता खराब होने और कीचड़ भर जाने से चार महीने तक बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन आज तक नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जागरवाल ने बताया कि वर्ष 2026 में गांव में अब तक मनरेगा के तहत कोई कार्य शुरू नहीं किया गया, जबकि पिछले वर्ष भी ग्रामीणों को रोजगार के लिए तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ा था। इससे स्थानीय मजदूरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि—
राखाना भीलों की ढाणी में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए।
वर्षों से बंद प्राथमिक विद्यालय को तत्काल पुनः संचालित किया जाए।
आंगनवाड़ी केंद्र खोला जाए।
राखाना से भीलों की ढाणी तक करीब 3 किलोमीटर ग्रेवल सड़क का निर्माण कराया जाए।
गांव में मनरेगा के कार्य तत्काल शुरू कर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
विधायक से भी की बात

दौरे के दौरान किसान नेता मदन सिंह जागरवाल ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पाली विधायक भीमराज भाटी से दूरभाष पर बातचीत कर सड़क, बिजली और पानी की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने ग्रामीणों को आवश्यक विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि आदिवासी समुदाय की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। किसान नेता मदन सिंह जागरवाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button