google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज, ईआरओ राणावत ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

पाली : नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (नगर निगम) एवं उपखंड मजिस्ट्रेट विमलेन्द्र सिंह राणावत ने शुक्रवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ईआरओ राणावत ने निगम क्षेत्र के कृषि उपज मंडी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, उप निदेशक आयुर्वेदिक कार्यालय, बांगड़ धर्मशाला, बांगड़ स्कूल, महात्मा गांधी विद्यालय पुनायता, श्रीमती चीमा बाई संचेती विद्यालय, राजकीय विधि महाविद्यालय, मंडिया, मंडली एवं जलदाय विभाग कार्यालय सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, साफ-सफाई, आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

ईआरओ राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया जारी है। निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर नाम जुड़वाने एवं मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविरों में नए मतदाताओं के साथ पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

ईआरओ ने आमजन से अपील की कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वाएं। वहीं मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य किसी विवरण में त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन भी करवाया जाए।

उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करना बेहद जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान ईआरओ ने संबंधित कार्मिकों से चुनाव तैयारियों की जानकारी लेते हुए मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रहें।

उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और मतदान दिवस से पहले सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ईआरओ राणावत ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों की पालना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण और मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में निर्वाचन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

निरीक्षण के दौरान मीठालाल चांवरिया, दिलदार बख्श, देवीलाल मालवीय, सुभाष परमार, भगवानदास बाबानी, पंकज पंवार, वीरभद्र सिंह राठौड़, दिलीप गोदारा, ओमप्रकाश भाटी, नेमीचंद मंडिया सहित संबंधित अधिकारी, कार्मिक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button