विज्ञान के मॉडल और सवालों से गूंजा बालिका विद्यालय, छात्राओं ने दिखाया वैज्ञानिक सोच का हुनर

पाली : पीएमश्री सेठ मुकनचंद बालिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पाली में शनिवार को पीएमश्री योजना के अंतर्गत विज्ञान मेला एवं विज्ञान-गणित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए और विज्ञान एवं गणित से जुड़े सवालों का जवाब देकर अपनी प्रतिभा एवं तार्किक क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थाप्रधान सुनील शर्मा, भामाशाह राजेश बोहरा, बांगड़ स्कूल के प्रधानाचार्य बसंत परिहार तथा बाह्य निर्णायक संजीव शर्मा ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
संस्थाप्रधान सुनील शर्मा ने अपने उद्बोधन में छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने का माध्यम भी है। उन्होंने छात्राओं को जिज्ञासा, प्रयोग और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पीएमश्री प्रभारी भरत रामावत ने पीएमश्री योजना के उद्देश्यों एवं विद्यालय में इसके माध्यम से संचालित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की क्षमता विकसित करना है।

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रभारी धनराज डाबी ने बताया कि विज्ञान मेला एवं विज्ञान-गणित क्विज में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझाने वाले कार्यशील मॉडल तैयार कर प्रस्तुत किए।
मॉडल प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में निर्णायकों एवं उपस्थित अतिथियों को जानकारी दी। इससे छात्राओं में विषय को व्यवहारिक रूप से समझने और अपनी बात प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आत्मविश्वास भी देखने को मिला।
विज्ञान मेला के साथ विज्ञान एवं गणित क्विज का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं से विभिन्न स्तर के प्रश्न पूछकर उनके विषय ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता एवं तार्किक सोच को परखा गया। जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों की छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागी छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
विज्ञान मेला एवं क्विज के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। छात्राओं ने वैज्ञानिक मॉडल तैयार करने से लेकर क्विज में भाग लेने तक प्रत्येक गतिविधि में सक्रियता दिखाई। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को रटने के बजाय प्रयोग, खोज, तर्क और नवाचार के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अम्बुज पचोरी, किरण जांगिड़, जसविंदर कौर, धर्मेंद्र कुमार, गब्बर सिंह, भाग्यवंती बालोट, कृष्णा प्रीतमानी, नीलम सोलंकी, प्रवीण परिहार, नरपत सिंह, विक्रम जांगिड़ एवं मुकेश कुमार सहित विद्यालय के कार्मिकों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन पीएमश्री प्रभारी भरत रामावत ने किया। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को विज्ञान एवं गणित के प्रति रुचि विकसित करने के साथ भविष्य में नवाचार एवं वैज्ञानिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।



