रंगोली से लेकर मानव श्रृंखला तक… विद्यार्थियों ने दिया मतदान का संदेश, पाली में चला जागरूकता अभियान

पाली : नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर पाली शहर में मतदाता जागरूकता अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। मंगलवार को शहर के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभाते हुए रंगोली, मांडना, मानव श्रृंखला, मतदाता शपथ और जागरूकता रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए। विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व का संदेश दिया और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पाली एवं उपखंड अधिकारी विमलेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदान के महत्व से अवगत कराने के साथ उन्हें अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता का संदेशवाहक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सेठ मुरलीधर जमनादास बारदान वाले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आवासन मंडल में प्रधानाचार्य शंकरलाल सोनी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली एवं मांडना तैयार किए। इन रचनात्मक प्रस्तुतियों में मतदान की लोकतांत्रिक भूमिका को दर्शाते हुए आमजन से चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में श्रीमती चीमाबाई संचेती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में संस्थाप्रधान श्रीमती गीता गुप्ता के सानिध्य में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से जुड़ी आकर्षक रंगोलियां बनाईं।
रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से मतदाता शपथ दिलाई गई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान के महत्व को समझेंगे और अपने परिवार, रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की ओर से विशाल जागरूकता रैली भी निकाली गई। बूथ लेवल अधिकारी सुभाषचन्द्र परमार ने बताया कि रैली विद्यालय परिसर से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी।
रैली में शामिल विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने आमजन से अपील की कि वे चुनाव के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।
निर्वाचन प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्कूल स्तर पर आयोजित गतिविधियों के जरिए बच्चों और युवाओं को मतदान की प्रक्रिया एवं जिम्मेदारी से परिचित कराया जा रहा है, ताकि वे अपने परिवार और समाज में भी मतदान को लेकर सकारात्मक संदेश पहुंचा सकें।

अधिकारियों का कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान करना जरूरी है। ऐसे में जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार के प्रति सजग किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, सहायक प्रभारी शंकर सिंह राजपुरोहित, अभिषेक चतुर्वेदी, श्रीमती जया करमचंदानी, मीठालाल चांवरिया, जूंजाराम पटेल, चन्द्र प्रकाश अगनानी, कैलाश चन्द्र शर्मा, दिनेश कुमार जैन, प्रकाश चन्द्र शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



