google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : चारे से भरे ट्रक में आधी रात लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

पाली : रोहट क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नायरा डिपो रोड पर चारे से भरे एक ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में रखा चारा भी इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें उठती देख मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है।

हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। ट्रक चालक चारा लेकर गुजरात की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण चालक को ट्रक रोककर अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूदना पड़ा।

फायर ऑफिसर रामलाल ने बताया कि ट्रक में बिठू मोरिया से चारा भरकर चालक गुजरात की ओर रवाना हुआ था। नायरा डिपो रोड पर पहुंचने के दौरान ट्रक में अचानक आग लग गई।

चालक बीरबल ने समय रहते खतरे को भांप लिया और ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उसने आग की सूचना संबंधित विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ट्रक में चारा भरा होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक चले प्रयास के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझने के बाद ट्रक और उसमें रखे चारे को काफी नुकसान पहुंचा था।

आग इतनी भीषण थी कि ट्रक का आधे से अधिक हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। वाहन में भरा अधिकांश चारा भी जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक की जान बच गई और किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

आग बुझाने की कार्रवाई में दमकलकर्मी दिनेश वैष्णव, देवाराम, महेंद्र कुमार, विशाल दय्या और गजेंद्र सिंह सहित अन्य कार्मिक जुटे रहे। टीम ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने और ट्रक को पूरी तरह सुरक्षित करने का प्रयास किया।

रात के समय सड़क पर ट्रक में लगी आग को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button