नैत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश, बांगड़ महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को दिलाया सहभागिता का संकल्प

पाली : राष्ट्रीय नैत्रदान पखवाड़े के तहत आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, पाली चेप्टर की ओर से बुधवार को बांगड़ महाविद्यालय में नैत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने नैत्रदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर ईबीएसआर के संरक्षक डॉ. आर.के. गर्ग, पूर्व प्रधानाचार्य एवं एएनएम के.सी. सैनी, बांगड़ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका, उपाचार्य डॉ. संगीता आर्या सहित महाविद्यालय की सह आचार्य रितू पटेल, दीपिका रश्मि त्रिवेदी, प्रियंका तोषावरा, आशा मूंदड़ा, विजय सिंह राजपुरोहित एवं जोगाराम कुमावत मौजूद रहे। वहीं आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान पाली चेप्टर की कार्यकारिणी से हेमंत चौपड़ा, डॉ. पंकज मूंदड़ा एवं विशनमल भंडारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान पाली चेप्टर के अध्यक्ष केवलचंद कवाड़ ने छात्र-छात्राओं को नैत्रदान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि नैत्रदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि नैत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्वयं नैत्रदान के महत्व को समझने के साथ-साथ अपने परिवार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसके नेत्र किसी अन्य जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में उजाला ला सकते हैं। ऐसे में नैत्रदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को जागरूक करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नैत्रदान के संकल्प को केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। समाज में जागरूकता बढ़ने से अधिक लोग नैत्रदान का संकल्प ले सकेंगे और जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।
इस दौरान डॉ. आर.के. गर्ग, के.सी. सैनी, अध्यक्ष केवलचंद कवाड़ एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने भी नैत्रदान के संबंध में अपने विचार रखे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इस सामाजिक अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बांगड़ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने नैत्रदान एवं देहदान का फार्म भरकर सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया। उनके इस कदम से उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भी नैत्रदान और देहदान के प्रति प्रेरणा मिली।
आई बैंक सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय नैत्रदान पखवाड़े का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नैत्रदान के महत्व की जानकारी देना और उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान पाली चेप्टर के अध्यक्ष केवलचंद कवाड़ ने उपस्थित अतिथियों, महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।



