पाली पंचायत समिति चुनाव, तीसरे दिन तक 43 अभ्यर्थियों ने भरे नामांकन, शुक्रवार को आखिरी मौका

पाली : पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत पाली पंचायत समिति क्षेत्र में द्वितीय चरण के पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। अब तक कुल 43 अभ्यर्थी अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। वहीं, नामांकन दाखिल करने के लिए शुक्रवार को अंतिम अवसर रहेगा। ऐसे में आखिरी दिन नामांकन केंद्र पर अभ्यर्थियों की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव के लिए गुरुवार तक कुल 109 व्यक्तियों को 169 नाम निर्देशन पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से अब तक 43 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान 24 व्यक्तियों की ओर से कुल 29 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए। नामांकन प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में लगातार उत्साह बना हुआ है। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दस्तावेज जमा करवा रहे हैं।

पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि शुक्रवार निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने नाम निर्देशन पत्र जमा करवा सकेंगे। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।
अंतिम दिन को देखते हुए चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए समय सीमा का विशेष ध्यान रखना जरूरी होगा। नामांकन पत्र निर्धारित समय और प्रक्रिया के अनुसार ही स्वीकार किए जाएंगे।
रिटर्निंग अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इस दौरान प्रस्तुत किए गए नाम निर्देशन पत्रों की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की जाएगी। संवीक्षा के बाद चुनाव प्रक्रिया अगले चरण में पहुंचेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव मैदान में शेष रहने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत पाली पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया पर अभ्यर्थियों और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की नजर बनी हुई है।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, लक्ष्मण कुमावत, अभिषेक चतुर्वेदी, युजवेन्द्र खेमलानी, जयपाल सिंह, ताराचंद सेजू, मीठालाल चांवरिया, साहिल जोशी, मोहित जोशी सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।



