google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली के साली स्कूल में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ कन्या पूजन, बालिकाओं के सम्मान का दिया संदेश

पाली : भारतीय संस्कृति में कन्याओं के सम्मान और नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साली में गुरुवार को कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और जीवन में सफलता की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नारी सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को बालिकाओं के प्रति सम्मान का भाव रखने और समाज में उन्हें समान अवसर प्रदान करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय के संस्था प्रधान अनिल नामा ने बताया कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को विशेष सम्मान और पूजनीय स्थान प्राप्त है। इसी परंपरा के अनुरूप विद्यालय में कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं के प्रति सम्मान और आदर व्यक्त किया गया।

उन्होंने कहा कि मान्यता है कि जहां कन्या का सम्मान होता है, वहां मां दुर्गा का वास होता है। बालिकाएं समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनके बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

संस्था प्रधान अनिल नामा ने कहा कि बालिकाओं के सम्मान और उनके विकास की जिम्मेदारी केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। बालिकाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने से समाज मजबूत बनता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार विकसित करने के साथ ही भारतीय परंपराओं और नारी सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं।

विद्यालय में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में कुल 92 विद्यार्थी, नौ शिक्षक और पांच अभिभावक उपस्थित रहे। इस दौरान दिलीप पटेल, रोहित, संजू, मदनलाल, पृथ्वी सिंह, कैलाश गढ़वाली, महेंद्र और शैतान सिंह सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं के सम्मान के साथ विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक संस्कारों और समाज में नारी के महत्व को समझने का संदेश दिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button