google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सोजत में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रसद विभाग की कार्रवाई, 6 प्रतिष्ठानों से 16 सिलेंडर जब्त

पाली : घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग, अवैध भंडारण और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत सोमवार को जिला रसद अधिकारी भंवरसिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित संयुक्त जांच दल ने सोजत क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान छह प्रतिष्ठानों से कुल 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला रसद अधिकारी भंवरसिंह राठौड़ ने बताया कि विभागीय निर्देशों की पालना में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार एवं जितेन्द्रसिंह आशिया के साथ गठित संयुक्त जांच दल ने सोजत क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर प्रतिष्ठानों की जांच की।

जांच के दौरान मोड़ भट्टा सोजत स्थित चौधरी रेस्टोरेंट से पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं सोजत बस स्टैंड स्थित जीवाराम नमकीन भंडार से दो, श्री यादे रेस्टोरेंट से तीन, कृष्ण कन्हैया रेस्टोरेंट से दो, आशापुरा भोजनालय से दो तथा बालाजी स्वीट से दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

इस तरह विभागीय टीम ने कुल छह प्रतिष्ठानों से 16 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान जांच दल ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग से जुड़े मामलों को संज्ञान में लिया।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जाना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर आम उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित हैं। इनका व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग, अवैध भंडारण या अवैध रिफिलिंग किए जाने पर विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में जांच और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग की टीम विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर नियमों की पालना सुनिश्चित करेगी।

कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार एवं जितेन्द्रसिंह आशिया सहित संयुक्त जांच दल के सदस्य मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button