google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पानी बचाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों ने लिया अनूठा संकल्प, अब केवल एक बाल्टी पानी से करेंगे स्नान

पाली : पेयजल संकट और पानी की बढ़ती जरूरतों के बीच जल संरक्षण का संदेश देते हुए वरिष्ठ नागरिक समिति, जिला शाखा पाली के सदस्यों ने एक सराहनीय पहल की है। समिति की साप्ताहिक बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में स्नान के लिए केवल एक बाल्टी पानी का उपयोग करेंगे और जल संरक्षण के प्रति स्वयं जागरूक रहते हुए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।

करण सिंह चाली स्थित समिति के सभा भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता डॉ. रामलाल मोहबारशा ने की। महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सामाजिक सरोकारों, जिले की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में ग्राम पंचायत नाडोल एवं ग्राम पंचायत नारलाई के नवनिर्वाचित सरपंचों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान सरपंचों ने स्थानीय वरिष्ठ नागरिक समिति के भवन निर्माण के लिए निःशुल्क भूमि आवंटित करवाने का भरोसा दिलाया। समिति सदस्यों ने इस पहल का स्वागत किया।

इसके बाद समिति के परामर्शदाता पी.एस. राठौड़ ने पिछली बैठक की समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का वाचन किया। समाचारों में समिति की गतिविधियों को स्थान दिए जाने पर उपस्थित वरिष्ठजनों ने करतल ध्वनि के साथ आभार व्यक्त किया।

बैठक में समिति सचिव दिनेश दवे ने पाली जिले की तीन प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने पेयजल संकट, गली-मोहल्लों में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति तथा दीपावली के दौरान बच्चों द्वारा पटाखे फोड़ने से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना होगा। प्रचार-प्रसार मंत्री गणपत सिंह दहिया ने भी इन विषयों पर अपने विचार रखते हुए जनभागीदारी की आवश्यकता बताई।

मुख्य परामर्शदाता एल.पी.आर. मेहता ने कहा कि सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नागरिकों को केवल सरकार के भरोसे नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर पहल कर जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

संरक्षक सदस्य दिनेश मेहता ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जैन समाज की परंपरा का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि केवल एक बाल्टी पानी से स्नान करके भी जरूरत पूरी की जा सकती है और इस तरह बड़ी मात्रा में पेयजल बचाया जा सकता है।

इस विषय पर परामर्शदाता पी.एस. राठौड़ एवं हिम्मताराम फुलवारिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। चर्चा के बाद बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों ने शपथ ली कि वे आगे से स्नान के लिए केवल एक बाल्टी पानी का उपयोग करेंगे। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पानी की बचत के लिए प्रेरित करेंगे।

बैठक के दौरान सदस्य दिनेश मेहता ने समिति के कार्यों में सहयोग के लिए 11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। इस पर जिला अध्यक्ष ने उनका आभार व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

बैठक में पी.सी. शाह, भीवराज सांखला, गौतम चन्द यति, सुनील टाक, चैन सिंह खिंची, कालू प्रसाद शर्मा, गणेश राम परमार, श्रवण कुमार, सुरेश कुमार जालोरा, मदन लाल व्यास, ज्ञान सिंह बैस तथा श्रवण दास रामावत सहित समिति के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। अंत में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभा का समापन किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button