पाली के गौरव ने जयपुर में दिखाया मुक्कों का दम, केंद्रीय विद्यालय संभागीय बॉक्सिंग में जीता रजत पदक

पाली : खेल प्रतिभाओं की धरती पाली के एक और युवा मुक्केबाज़ ने अपनी शानदार उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ाया है। 55वीं केंद्रीय विद्यालय संभागीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पाली बॉक्सिंग अकादमी के होनहार खिलाड़ी गौरव राज सिंह चौहान ने 81 किलोग्राम प्लस भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान गौरव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तकनीक, दमदार पंच और बेहतरीन फिटनेस का प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक मुकाबलों में प्रभावशाली जीत दर्ज की। उनके शानदार खेल प्रदर्शन ने दर्शकों और प्रशिक्षकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में सफलता के बाद पाली पहुंचने पर पाली बॉक्सिंग संघ की ओर से गौरव राज सिंह चौहान का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संघ के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पाली जिला मुख्य बॉक्सिंग प्रशिक्षक दिलीप गहलोत (NIS) ने गौरव की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गौरव आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पाली का नाम रोशन करेंगे।
सम्मान समारोह में बॉक्सिंग कोच गिरधर सिंह, शंकर पटेल, शेर सिंह, नरेश पांडे, गोविंद सिंह, अमन सिंह, लक्ष्मीनारायण, नवीन, मोनिका, निकिता, पल्लवी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे। सभी ने गौरव की उपलब्धि को पाली के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



