google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में रोजगार मेले की बड़ी सौगात, 763 युवाओं को मिले सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र

पाली : पाली जिले के युवाओं के लिए शनिवार का दिन खुशियों भरा रहा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों एवं उपक्रमों में चयनित 763 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। माली समाज भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं के चेहरों पर सरकारी सेवा में चयन की खुशी साफ झलक रही थी।

रोजगार मेले में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह का एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन को उपस्थित लोगों ने सुना। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में एक लाख पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया। साथ ही प्रदेशभर में 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 35 अभ्यर्थियों को पूर्व में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे, जबकि रोजगार मेले में 719 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 9 नियुक्तियां अनुकंपा एवं शहीद आश्रित श्रेणी के अंतर्गत प्रदान की गईं। इस प्रकार कुल 763 नियुक्तियों का वितरण किया गया।

विभागवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 634 नियुक्तियां प्रशासनिक सुधार विभाग में हुईं। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग में 45, पंचायती राज विभाग में 13, जोधपुर विद्युत वितरण निगम में 9, कृषि विभाग एवं सचिवालय में 5-5, कौशल नियोजन विभाग में 2 तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, विद्युत उत्पादन, राजस्थान लोक सेवा आयोग, जयपुर विद्युत वितरण निगम, अजमेर विद्युत वितरण निगम एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग में एक-एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

वहीं पूर्व में जारी नियुक्तियों में पुलिस एवं गृह विभाग के 17, सहकारिता विभाग के 6, कॉलेज शिक्षा विभाग के 5, कृषि विभाग के 4 तथा प्रारंभिक शिक्षा विभाग के 3 अभ्यर्थी शामिल रहे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, उपसभापति ललित प्रितमानी, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेन्द्र मेहता सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button