google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्यशिक्षा

‘मिशन मानस’ अभियान को मिला जनसहयोग, पुनायता विद्यालय के विद्यार्थियों को भामाशाहों ने बांटी शिक्षण सामग्री, नशामुक्ति का भी दिया संदेश

पाली : जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की पहल पर संचालित ‘मिशन मानस’ अभियान के तहत मंगलवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुनायता में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई, वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नशामुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को जागरूक भी किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय शर्मा के प्रयासों से आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भामाशाह पदम सांड, श्रीमती उर्मिला सांड तथा श्रीमती सुरभि जैन ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी सुलेख अभ्यास के लिए कॉपियां, पेंसिल, पेन सहित अन्य आवश्यक शिक्षण सामग्री प्रदान की।

शिक्षण सामग्री प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय प्रशासन ने इसे बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि समाज के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। प्रधानाचार्य विजय शर्मा ने भामाशाहों का माला पहनाकर सम्मान किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत न्यायिक अधिकारी सुश्री रश्मि गुणपाल ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि व्यक्ति के भविष्य और परिवार को भी प्रभावित करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अनुशासित, स्वस्थ और जागरूक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया तथा शिक्षा और अच्छे संस्कारों को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।

कार्यक्रम में हरिसिंह राजपुरोहित, सुभाष चंद्र, अमित सैनी, दिनेश सोनी, इंदू रेवानी, निधि जोशी, प्रेरणा सोलंकी, करिश्मा राठौड़, रेनू मटनानी, कांता असावा, संतोष बोराणा, ज्योति कंवर, सुमन बारहठ, उर्वशी शर्मा, ऊषा देवी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने एक साथ शिक्षा, समाजसेवा और नशामुक्ति का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की दिशा में प्रेरित किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button