ग्रामीण सेवा शिविर से वर्षों पुराना सपना हुआ पूरा, तुलसी देवी को मिला पुश्तैनी मकान का पट्टा, चेहरे पर लौटी मुस्कान

पाली : राज्य सरकार की पहल पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर समाधान कर लोगों को राहत पहुंचा रहे हैं। मंगलवार को पाली जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों के दौरान कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें ग्राम पंचायत खैरवा का एक मामला विशेष रूप से चर्चा का विषय रहा, जहां एक महिला को वर्षों से लंबित अपने पुश्तैनी मकान का पट्टा सौंपा गया।
ग्राम पंचायत खैरवा निवासी तुलसी देवी, पत्नी भंवरलाल प्रजापत, विवाह के बाद से अपने पुश्तैनी मकान में रह रही थीं, लेकिन मकान का वैध पट्टा नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए शिविर के दौरान ही उन्हें उनके पुश्तैनी आवासीय मकान का पट्टा सौंप दिया।
पट्टा प्राप्त करने के बाद तुलसी देवी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से जिस दस्तावेज़ का इंतजार था, वह आज ग्रामीण सेवा शिविर की बदौलत मिल गया। उन्होंने मुख्यमंत्री, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत खैरवा का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।
मंगलवार को पाली जिले की विभिन्न पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में भी ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए। इनमें पाली की खैरवा, रोहट की चेन्डा, सोजत की बिलावास एवं रूपावास, मारवाड़ जंक्शन की जोजावर और जाणुन्दा, देसूरी की केसुली, रानी की खौड़, बाली की कुमटिया एवं दुदनी तथा सुमेरपुर की पोमावा ग्राम पंचायतें शामिल रहीं।
जिला प्रशासन के अनुसार ग्रामीण सेवा शिविरों का सिलसिला आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
8 जुलाई (बुधवार): हेमावास, खुण्डावास, चाडवास, सारण, बागोल, कीरवा, कोठार एवं धणा ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे।
9 जुलाई (गुरुवार): गुन्दोज, खारड़ा, रेन्दड़ी, भैसाना, बोरीमादा, मलसा बावड़ी, बड़ौद, नादाना भाटान, बिसलपुर, पेरवा, बेडल और सिन्दरू में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
10 जुलाई (शुक्रवार): बाणियावास, चोटिला, चौपड़ा, राजोला कलां, गुड़ा सुरसिंह, रडावास, मादा, नीपल, सेसली, कोटबालियान, लुणावा, पालडीजोड़ और सलोदरिया ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य गांव स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सके।



