google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

नई छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत, पाली कन्या महाविद्यालय में ओरिएंटेशन कार्यक्रम, करियर और व्यक्तित्व विकास का दिया संदेश

पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में नवप्रवेशित प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए बुधवार को ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं और करियर निर्माण के अवसरों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ हुई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और नई छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है।

उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, समयपालन, नियमित अध्ययन और महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में उपलब्ध प्रत्येक अवसर का सही उपयोग कर छात्राएं अपने भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती हैं।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं प्रकोष्ठों के संयोजकों ने छात्राओं को पुस्तकालय, छात्रवृत्ति योजनाएं, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियां, महिला अध्ययन प्रकोष्ठ, नवाचार एवं कौशल विकास समिति, जापानी भाषा पाठ्यक्रम, उड़ान कार्यक्रम, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सहित महाविद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही छात्राओं को परीक्षा प्रणाली, महाविद्यालय के नियमों, अनुशासन और छात्र हित से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेंद्र कुमार एवं श्री भोजराज ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएं उपस्थित रहीं। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत के साथ आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button