25 साल का इंतजार खत्म, ग्रामीण सेवा शिविर में ढलाराम को मिला पुश्तैनी मकान का पट्टा, कानूनी स्वामित्व हुआ सुनिश्चित

पाली : राज्य सरकार की ग्रामीण सेवा शिविर पहल ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से लंबित मामलों के समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। बुधवार को पाली जिले की ग्राम पंचायत हेमावास में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक ऐसा मामला सुलझा, जिसका इंतजार एक परिवार पिछले 25 वर्षों से कर रहा था। प्रशासन ने मौके पर ही ढलाराम पुत्र गणाराम मेघवाल को उनके पुश्तैनी मकान का पट्टा सौंपकर कानूनी स्वामित्व प्रदान किया।
ढलाराम लंबे समय से अपने पुश्तैनी मकान के पट्टे के लिए प्रयासरत थे, लेकिन मामला वर्षों तक लंबित रहने के कारण उन्हें मकान का कानूनी अधिकार नहीं मिल पाया। इसके चलते वे कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से भी वंचित थे।
ग्रामीण सेवा शिविर में प्रकरण प्रस्तुत होने के बाद प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई पूरी की और शिविर के दौरान ही उन्हें पुश्तैनी मकान का पट्टा सौंप दिया।
पट्टा प्राप्त करने के बाद ढलाराम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके मकान का कानूनी स्वामित्व सुनिश्चित हो गया है। इससे भविष्य में उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभरे हैं और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान अब मौके पर ही हो रहा है।
प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राजस्व, पट्टा, प्रमाण पत्र और अन्य जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। इससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और सरकार व प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
बुधवार को पाली उपखंड क्षेत्र की हेमावास, खुण्डावास, चाडवास, सारण, बागोल, कीरवा, कोठार और धणा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए।
प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में भी जिलेभर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 9 जुलाई को गुन्दोज, खारड़ा, रेन्दड़ी, भैसाना, बोरीमादा, मलसा बावड़ी, बडौद, नादाना भाटान, बिसलपुर, पेरवा, बेडल और सिन्दरू, 10 जुलाई को बाणियावास, चोटिला, चौपड़ा, राजोला कलां, गुड़ा सुरसिंह, रडावास, मादा, नीपल, सेसली, कोटबालियान, लुणावा, पालड़ीजोड़ और सलोदरिया, 11 जुलाई को बोमादड़ा और देसूरी तथा 13 जुलाई को सांपा, भाकरीवाला, धुरासनी, सरदार समंद, पांचेटिया, चिरपटिया, माण्डीगढ़, पिलोवनी, लाटाड़ा, शिवतलाव, मुण्डारा और खिमाड़ा ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की लंबित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।



