google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्यशिक्षा

‘नशे से दूरी और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली पहचान’, हाउसिंग बोर्ड स्कूल में विद्यार्थियों को मिला प्रेरणा का संदेश

पाली : राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हाउसिंग बोर्ड पाली में शुक्रवार को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और नशा मुक्ति विषय पर प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े अनुभवी वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा चुनने, आत्मविश्वास विकसित करने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर उज्ज्वल भविष्य बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकरलाल सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करना, उन्हें कुसंगति से बचाना तथा स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और आत्मविश्वास से हासिल होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य तय करने, समय का सदुपयोग करने और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने की सीख दी। उन्होंने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाई और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में कन्या महाविद्यालय के पूर्व सह-आचार्य डॉ. के.सी. शर्मा ने व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक जीवन से जुड़े प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि अच्छे चरित्र और जिम्मेदार नागरिक का निर्माण करना है।

वहीं के.सी. सैनी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए विनाशकारी है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गोविंद नारायण अरोड़ा, पवन कुमार अग्रवाल और डॉ. जगदीश ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि सकारात्मक सोच और अच्छे मूल्य ही व्यक्ति को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने भी नशामुक्त जीवन अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने इस तरह के प्रेरणादायी कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button