पंचायत चुनाव से पहले पाली जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

पाली : पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने उपखंड अधिकारी पूरण कुमार के साथ उपखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने गढ़वाड़ा के बूथ संख्या 79, 80 और 81, जेतपुर के बूथ संख्या 75, 76, 77 और 78 तथा धोलेरिया शासन के बूथ संख्या 30, 31, 32 और 33 का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. गोस्वामी ने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा वहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल और बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मतदान केंद्रों पर रैम्प और व्हीलचेयर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही, मतदान केंद्रों पर तैनात वॉलंटियर और हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने के लिए कहा, ताकि जरूरतमंद मतदाताओं को समय पर सहायता मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पंच और सरपंच पदों के मतों की गणना को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को मतगणना केंद्र परिसर और उसके 200 मीटर के दायरे से बाहर तक आवश्यक स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए गए, ताकि रात के समय आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने और सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान प्रगणक महेंद्र चारण, जगदीश जाखड़, जोधाराम देवासी, लक्ष्मण दास, शंकरलाल विश्नोई, रघुनाथ राम सहित संबंधित सुपरवाइजर और प्रगणक मौजूद रहे।



