लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाता जरूरी, सोजत में युवाओं को बताया मतदान का महत्व

पाली : युवाओं को मतदान के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोजत में राष्ट्रव्यापी अभियान ‘विकसित भारत युवा संवाद- Know Your Vote’ के तहत युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने जा रहे मतदाताओं को उनके मताधिकार की अहमियत समझाना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों की भागीदारी से सुनिश्चित होती है।
कार्यक्रम में MYAS, भारत सरकार के यूथ आइकॉन मनीष सोमनानी ने युवाओं को संबोधित करते हुए लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र, चुनावी संस्थाओं की भूमिका, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार रखे।
उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए जागरूक नागरिक, सटीक मतदाता सूची, पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने मतदान अधिकार का महत्व समझना चाहिए और चुनाव के दौरान जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए।

सोमनानी ने युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने या उसे आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से तथ्यों के आधार पर विचार करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से ऐसे युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया गया, जो पहली बार मतदान करने जा रहे हैं। उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, चुनावी प्रक्रिया को समझने और अपने मताधिकार का सही उपयोग करने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी जागरूकता और भागीदारी से लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत होती हैं। युवाओं को न केवल स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहना चाहिए, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम में सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान, सोजत नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश तंवर, नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार, राजकीय महाविद्यालय सोजत के प्राचार्य महेंद्र सिंह राजपुरोहित, जिला युवा अधिकारी पाली महेश सिंह शेखावत तथा भंवर सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने, मतदाता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। अंत में उपस्थित युवाओं ने जागरूक नागरिक बनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदारीपूर्वक भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।



