प्रबल कार्यक्रम में पाली के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, चार छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए मिला चयन

पाली : विद्यार्थियों में 21वीं सदी के आवश्यक जीवन कौशलों का विकास करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, तार्किक चिंतन और प्रभावी अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएमश्री श्री बांगड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित 18 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत, डाइट प्राचार्य रामराज प्रजापत, कार्यक्रम संयोजक बसंत कुमार परिहार, सहायक परियोजना समन्वयक प्रिया, शक्ति सिंह तंवर, विद्यालय के प्रधानाचार्य हितेश रामावत एवं कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मण कुमावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जीवन कौशलों का होना भी बेहद आवश्यक है। आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता, संवाद कौशल और अपनी बात प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की योग्यता विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।
डाइट प्राचार्य रामराज प्रजापत ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित करना है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी समझ, प्रस्तुतीकरण क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। छात्र वर्ग में पीएमश्री विद्यालय सेवाड़ी के आनंद कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चोपड़ा के शिवम द्वितीय स्थान पर रहे।
वहीं छात्रा वर्ग में पीएमश्री बांगड़ विद्यालय पाली की श्रेया दुबे तथा स्वामी विवेकानंद मॉडल विद्यालय देसूरी की जाह्नवी चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन उनकी विषयवस्तु, तार्किक सोच और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान पिछले वर्ष के राज्य स्तरीय मेंटर सत्यनारायण राजपुरोहित एवं जिला मेंटर राजेंद्र जैन ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विषयवस्तु को प्रभावी बनाने, विचारों को व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करने तथा अभिव्यक्ति क्षमता में सुधार करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डाइट प्राचार्य रामराज प्रजापत, एपीसी प्रिया, मीना चौधरी तथा गत वर्ष के विजेता राहुल सिंह एवं अदिति सिंह ने निभाई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों ने प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महेश व्यास, श्यामलाल दहिया, निरंजन, संजीव शर्मा, राजूराम, सिरीन सम्मा, अश्विनी कुमार, नीलम कंवर राठौड़, राजू सिंह, विक्रम सिंह, गौतम शर्मा, रेखा कुमावत, नरेंद्र मेवाड़ा सहित एडीपीसी कार्यालय से कल्याण सिंह, ओमप्रकाश कुमावत, राजेंद्र सिंह, दिनेश मीणा एवं हरीश बावल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मण कुमावत ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित चारों विद्यार्थी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पाली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा और कौशल को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।



