
पाली : श्री श्याम मंदिर प्यारा चौक, पाली में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया। ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार कर भव्य झांकी सजाई गई।
शाम 5 बजे समाज अध्यक्ष चम्पालाल भाटी के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद ठाकुर जी की आरती और प्रसाद वितरण हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत समाज के बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लिया, जहां छोटे-छोटे बाल गोपाल विभिन्न स्वांग रचकर पधारे। बच्चों ने हनुमान चालीसा, गायत्री मंत्र और श्लोकों का वाचन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों को समाज की ओर से सम्मानित किया गया।

पाली श्री नामदेव महिला मंडल की सदस्यों ने ठाकुर जी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। ठाकुर जी की आरती के बाद अजवायन, पंजरी, चनमीत और श्रीफल का विशेष प्रसाद भोग लगाकर भक्तों को वितरित किया गया।
महोत्सव के लाभार्थी चम्पालाल, घनश्याम, मोहनलाल भाटी परिवार का सम्मान किया गया। साथ ही समाज के राजा बाबू राठौड़ को भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत होने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज बंधुओं ने एक राय होकर मंदिर परिसर को वातानुकूलित बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसमें सभी ने स्वेच्छा से सहयोग देने की घोषणा की। अंत में समाज अध्यक्ष चम्पालाल भाटी और सचिव राजा बाबू राठौड़ ने सभी समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया।



