पाली : राज्य स्तरीय सिविल सेवा बॉस्केटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 13 से

पाली : आगामी 13 से 15 सितंबर के बीच राजस्थान राज्य स्तर पर भव्य सिविल सेवा बॉस्केटबॉल एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पाली जिले में किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल और गरिमामय रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर मंत्री ने सभी अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समयावधि में पूरी होनी चाहिए ताकि खेल प्रतिभागियों, आयोजकों व दर्शकों को उच्च स्तरीय सुविधा प्रदान की जा सके।
बैठक में प्रमुख रूप से विभिन्न प्रकोष्ठवार प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए। इन प्रकोष्ठों में टीमें आवास, खेल सामग्री, मेडिकल सुविधा, परिवहन व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, उद्घाटन व समापन समारोह, मैदानों की लाईनिंग, बैनर-होर्डिंग, ट्रॉफी-सर्टिफिकेट प्रकाशन, साफ-सफाई व्यवस्था, एनसीसी व स्काउट एंड गाइड व्यवस्था समेत समस्त खेल आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिला कलक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि लगभग 50 टीमें राज्य के विभिन्न जिलों से पाली में पहुंचेंगी और प्रतियोगिता में छः प्रमुख मैदानों पर विभिन्न मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतिभागी खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त भोजन, नाश्ता, मेडिकल कैम्प, परिवहन एवं रहने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
खेल अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि हर टीम को समयबद्ध तरीके से मैच स्थल पर पहुंचाया जाए, मैचों के सुचारू संचालन के लिए समय सारणी का पालन हो तथा हर मैदान पर आवश्यक उपकरण व व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। जिला कलक्टर मंत्री ने समापन समारोह की भी रूपरेखा पर विशेष ध्यान दिया और कार्यक्रम को गरिमामय बनाने हेतु उच्च स्तरीय प्रबंध करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ बजरंग सिंह, एडीएम सिलिंग अश्विनी के पंवार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ पूजा सक्सेना, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, खेल अधिकारी एलडी वैष्णव, परिवहन विभाग, चिकित्सा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहे।



