google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliखेलदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्यशिक्षा

नाडोल में 69वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेताओं को मिला सम्मान

नाडोल : नाडोल के ग्रीन विनस माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को आयोजित 69वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीबीईओ मोहनलाल बलाई और उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) बलवीर सिंह राणावत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि सरकारी सेवाओं और करियर में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

मुख्य अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को बधाई दी और हारने वाले खिलाड़ियों को निराश न होने और मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता संयोजक सत्यनारायण परिहार ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 17 वर्ष छात्रा वर्ग में केंद्रीय विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आर वी मारवाड़ जंक्शन द्वितीय रहा। इसी वर्ग में बेस्ट तैराक का खिताब रिया चौधरी (केंद्रीय विद्यालय) को मिला।

छात्र वर्ग में बिड़ला स्कूल, सोजत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और एन बी एन द्वितीय रहा। 19 वर्ष छात्रा वर्ग में बिड़ला स्कूल सोजत ने प्रथम स्थान, आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय नाडोल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसी वर्ग में बेस्ट तैराक का खिताब तुलछाराम और हिमांशी को दिया गया। छात्र वर्ग में राऊमावि टेवाली ने प्रथम और डीपीएस पाली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, तथा बेस्ट तैराक का सम्मान आदित्य को मिला।

केंद्रीय विद्यालय की रिया चौधरी ने 100 मीटर फ्री स्टाइल और 50 मीटर बेक स्ट्रोक में प्रथम स्थान, जबकि 50 मीटर फ्री स्टाइल में द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में भामाशाह भूराराम चौधरी, तैराकी संघ के सचिव चैनसिंह राठौड़, सरदार समंद, दिलीपसिंह, प्रियांशी परिहार, पूर्णसिंह चम्पावत धाकड़ी, तुलसाराम पंन्नुसा, धीरज कुमार, लक्ष्मणसिंह और शेषाराम सहित प्रतियोगिता संचालक विनोद कुमार टेलर भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने छात्रों में खेल-कूद के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को और बढ़ावा दिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button