पाली : शारदीय नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से संपन्न, माता मंदिर में महाआरती व भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पाली : सिन्धी कॉलोनी स्थित देवी माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से आकर्षक रूप में सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंग गया।
अष्टमी की पूर्व संध्या पर मंदिर में माता रानी की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं को खीर–पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

आज पूज्य झूलेलाल धाम सिंधु भवन, सिन्धी कॉलोनी में माता जी का पूज्य भंडारा साहिब आयोजित हुआ, जिसमें भक्तों ने बड़े ही श्रद्धाभाव और चाव से प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के संयोजक हेमन्त तनवानी ने बताया कि देवी माता मंदिर में हर वर्ष चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि महोत्सव पारंपरिक रूप से धूमधाम से मनाया जाता है। नौ दिनों तक माता जी की पूजा-अर्चना कर समाज और देश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है।
इस बार भी नवरात्रि महोत्सव के दौरान श्री सोमनाथ सुंदर काण्ड सेवा समिति द्वारा भव्य सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव की तैयारियों में देवी माता मंदिर समिति, सिन्धी समाज सेवा समिति पाली, पूज्य झूलेलाल मण्डल, पूज्य वरुण देव मित्र मण्डल, महिला मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में सेवादारों ने सहयोग व समर्पण से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



