पाली : ईमानदारी की मिसाल, युवक ने मिला मोबाइल लौटाया, मालिक ने जताया आभार

पाली : आज के दौर में जहां खोई हुई वस्तु वापस मिलना दुर्लभ माना जाता है, वहीं पाली शहर के एक युवक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए समाज में भरोसे और सच्चाई की एक नई कहानी लिख दी। दरअसल, बांगड़ कॉलेज के बाहर समाजसेवी अशोक साहू का मोबाइल फोन गलती से गिर गया था। रास्ते से गुजर रहे तेज प्रकाश मालवीय को यह मोबाइल सड़क पर पड़ा मिला। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के मोबाइल अपने पास रखने के बजाय कर्मयोगी संगठन के संस्थापक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह मंडली से संपर्क किया।
गजेन्द्र सिंह मंडली ने मोबाइल के असली मालिक का पता लगाने के लिए अथक प्रयास किए और आखिरकार फोन के मालिक अशोक साहू तक पहुंच बनाई। तत्पश्चात भोलेनाथ नगर स्थित तेजपाल मालवीय के निवास स्थान पर जाकर मोबाइल को विधिवत रूप से अशोक साहू को सुपुर्द किया गया।

मोबाइल लौटने पर अशोक साहू और उनका परिवार भावुक हो उठा। उन्होंने तेज प्रकाश मालवीय को ईमानदारी के लिए इनाम देने की इच्छा जताई, मगर तेज प्रकाश ने मुस्कराते हुए कहा यह तो मेरा फर्ज था, इंसानियत सबसे बड़ा इनाम है।
इस नेक कार्य की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। कर्मयोगी संगठन के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह मंडली ने कहा कि तेज प्रकाश जैसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह घटना पाली की पहचान को और गौरवान्वित करती है। इस अवसर पर समाजसेवी भागीरथ साहू, अशोक साहू, तेजपाल मालवीय, गजेन्द्र सिंह मंडली, कौशल्या देवी, गुरुप्यारी और मैना देवी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



