सचिव विक्रम सिंह भाटी ने पाली व सोजत अस्पतालों में पालना गृहों का किया निरीक्षण, दी कई अहम हिदायतें

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (पाली) के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने रविवार को जिला चिकित्सालय पाली, उपजिला चिकित्सालय सोजत और राजकीय शिशु गृह पाली में स्थापित पालना गृहों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने पालना गृहों की भौतिक स्थिति, नवजात शिशुओं को परित्यक्त या समर्पित करने की प्रक्रिया, पालना गृहों की उपयोगिता के प्रचार-प्रसार और बच्चों के पुनर्वास व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पालना गृहों के रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए दस्तावेजों की जांच की और सुरक्षा, साफ-सफाई तथा अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता की भी जानकारी ली।

भाटी ने पालना गृह प्रभारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में पालना गृहों की जानकारी देने वाले बैनर, पेम्पलेट, पोस्टर और फ्लैश बोर्ड प्रमुख स्थानों — विशेष रूप से सोनोग्राफी कक्ष के बाहर और मुख्य प्रवेश द्वार पर — लगाए जाएं ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति नवजात को सुरक्षित रूप से पालना गृह में समर्पित कर सके।
उन्होंने कहा कि परित्यक्त या समर्पित बच्चों के संरक्षण व पुनर्वास की हर प्रक्रिया संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ की जाए, ताकि कोई भी बच्चा असुरक्षित न रहे। भाटी ने साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों को राज्य सरकार की योजनाओं से मिलने वाले लाभ समय पर प्रदान किए जाएं।




