वज़ीर अली रंगरेज की बरसी पर मानव सेवा का अनूठा संदेश, पाली में विशाल रक्तदान शिविर में जुटे सैकड़ों लोग, 80 यूनिट रक्त संग्रह

पाली : मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए रंगरेज समाज विकास समिति के पूर्व सदर एवं पाली जिला कार टैक्सी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय वज़ीर अली रंगरेज की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को राजकीय बांगड़ चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 80 यूनिट रक्तदान किया।
बरसी के अवसर पर आयोजित इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर में विधायक भीमराज भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, मुस्लिम समाज सदर एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जाहिर मकरानी, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन हटेला, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष जीवराज बोराणा सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इसके अलावा चोटिला दरगाह कमेटी, टैक्सी यूनियनों, सामाजिक संस्थाओं तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का सम्मान किया और इस सेवा कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों तथा अतिथियों का सम्मान किया गया। आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि समाज में मानव सेवा, सामाजिक एकता और परोपकार की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।
आयोजन समिति के जिशान अली रंगरेज ने बताया कि शिविर को सफल बनाने में कासिफ अली, अयान अली सहित समिति के सभी सदस्यों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वज़ीर अली रंगरेज की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज को मानव सेवा और परोपकार का संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।




