google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सोजत उपकारागृह का जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधे संवाद कर परखी व्यवस्थाएं

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी ने शनिवार को सोजत स्थित उपकारागृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की मूलभूत सुविधाओं, बंदियों की समस्याओं तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के समय उपकारागृह में 46 बंदी निरुद्ध पाए गए। न्यायिक अधिकारियों ने बैरकों में पहुंचकर बंदियों से व्यक्तिगत संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान पेयजल, स्नान एवं धुलाई के लिए पानी की उपलब्धता, व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री, कपड़े धोने की व्यवस्था, रसोई, बैरकों और शौचालयों की साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई।

जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजेंद्र कुमार ने बंदियों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर अथवा निजी अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ प्रत्येक बंदी को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बंदी केवल कानूनी सहायता के अभाव में जेल में निरुद्ध न रहे।

निरीक्षण के दौरान उन बंदियों की भी जानकारी ली गई जिनकी जमानत स्वीकृत होने के बावजूद किसी कारणवश रिहाई नहीं हो सकी है। साथ ही बंदियों को उनके न्यायालय में लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया।

न्यायिक अधिकारियों ने हाल ही में जेल में आए बंदियों से भी अलग से बातचीत की। इस दौरान घटना अथवा आरोपित अपराध के समय उनकी आयु सहित अन्य आवश्यक तथ्यों की जानकारी लेकर संबंधित अभिलेखों का मिलान किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपकारापाल धर्मपाल डूडी, मुख्य प्रहरी रणजीत सिंह सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। न्यायिक अधिकारियों ने जेल प्रशासन को बंदियों की सुविधाओं एवं अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहते हुए सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार बनाए रखने के निर्देश दिए।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button