पाली में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई लिपिक ग्रेड-II भर्ती परीक्षा, 6,624 अभ्यर्थियों में 78 फीसदी से अधिक ने दी परीक्षा

पाली : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड-II/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को पाली जिले में कड़ी सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की थीं। पाली शहर के 20 राजकीय एवं निजी परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में परीक्षा आयोजित की गई। पहली पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक संचालित हुई।
6,624 अभ्यर्थी थे पंजीकृत, 78 फीसदी से अधिक रही उपस्थिति
भर्ती परीक्षा के लिए जिले में कुल 6,624 अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ था। पहली पारी में 5,227 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,397 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पारी में 78.90 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
वहीं दूसरी पारी में 5,194 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,430 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 78.40 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
सुरक्षा और निगरानी के रहे कड़े इंतजाम
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने 4 विशेष सतर्कता दल गठित किए थे। इसके अलावा दोनों पारियों के लिए कुल 20 उप-समन्वयक दल तैनात किए गए, जिन्होंने परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की।
जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों के चलते परीक्षा पूरे जिले में शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हुई। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।



