google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला कलक्टर सख्त, गड्ढे भरें, नालियां साफ रखें और ढीले बिजली तार तुरंत दुरुस्त करें

पाली : जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कलक्टर ने सोमवार को अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया। डीओआईटीसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और प्रगतिरत विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने मानसून को देखते हुए नगर निकायों और संबंधित विभागों को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर खोदे गए गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव और दुर्घटनाओं की स्थिति से बचा जा सके।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान आरोग्य योजना, निःशुल्क दवा एवं जांच योजना, एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान, ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। जिला कलक्टर ने सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में बिजली विभाग को बरसात के मौसम को देखते हुए टूटे हुए विद्युत तारों, झुके हुए पोलों और ढीले बिजली के तारों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं, रसद विभाग को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत वितरित होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया।

वन विभाग की समीक्षा के दौरान ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण की तैयारियों का जायजा लिया गया। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर गड्ढों की तैयारी कर पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पेयजल आपूर्ति, महिला अधिकारिता, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के पेंशन सत्यापन कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, उपवन संरक्षक कस्तुरी प्रशांत सुले, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल शिपा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button