google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्रामीण सेवा शिविर बना उम्मीद की किरण, वर्षों बाद भंवरी देवी को मिला मकान का पट्टा, मौके पर हुआ समाधान

पाली : राज्य सरकार की पहल पर आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर अब ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। सोमवार को पाली जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में लोगों की शिकायतों और लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान पंचायत समिति पाली की ग्राम पंचायत लांबिया में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने शिविर की उपयोगिता को और भी सार्थक बना दिया।

ग्राम पंचायत लांबिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान भंवरी देवी का वर्षों से लंबित आवासीय पट्टे का प्रकरण प्राथमिकता से निपटाया गया। लंबे समय से अपने मकान के वैध पट्टे के लिए प्रयास कर रही भंवरी देवी को शिविर में ही आवासीय पट्टा सौंपा गया।

पट्टा प्राप्त करने के बाद भंवरी देवी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि वर्षों से जिस दस्तावेज़ का इंतजार था, वह आज ग्रामीण सेवा शिविर की बदौलत पूरा हो गया। उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

सोमवार को पाली जिले की विभिन्न पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए। इनमें पाली की लांबिया, रोहट की वायद, सोजत की मेंव और खारिया नींव, मारवाड़ जंक्शन की फुलाद और चौकड़िया, देसूरी की घाणेराव, रानी की खिंवाड़ा, बाली की लुन्दाड़ा और लालपुरा तथा सुमेरपुर की ढोला और बिरामी ग्राम पंचायतें शामिल रहीं।

शिविर के दौरान विकास अधिकारी भगवान सिंह, प्रशासक पदमलाल, ग्राम विकास अधिकारी सतीश व्यासमणिया, कनिष्ठ सहायक दिलीप मेनारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और विभिन्न योजनाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया।

जिला प्रशासन के अनुसार ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

7 जुलाई (मंगलवार) को पाली की खैरवा, रोहट की चेन्डा, सोजत की बिलावास एवं रूपावास, मारवाड़ जंक्शन की जोजावर और जाणुन्दा, देसूरी की केसुली, रानी की खौड़, बाली की कुमटिया एवं दुदनी तथा सुमेरपुर की पोमावा ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे।

8 जुलाई (बुधवार) को हेमावास, खुण्डावास, चाडवास, सारण, बागोल, कीरवा, कोठार और धणा ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

9 जुलाई (गुरुवार) को गुन्दोज, खारड़ा, रेन्दड़ी, भैसाना, बोरीमादा, मलसा बावड़ी, बड़ौद, नादाना भाटान, बिसलपुर, पेरवा, बेडल तथा सिन्दरू ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का गांव स्तर पर त्वरित समाधान करना और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के उपलब्ध कराना है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button