पाली की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, यूपीएससी से सहायक निदेशक बनी भाग्यश्री राजपुरोहित का विद्यालय में भव्य सम्मान

पाली : महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुनायता की पूर्व छात्रा भाग्यश्री राजपुरोहित के संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के माध्यम से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय में सहायक निदेशक पद पर चयन होने पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी इस उपलब्धि को जिले और विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनका अभिनंदन किया।
समारोह में प्रधानाचार्य विजय शर्मा ने भाग्यश्री राजपुरोहित का सम्मान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय की पूर्व छात्रा द्वारा यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना न केवल विद्यालय बल्कि पूरे पाली जिले के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाग्यश्री राजपुरोहित ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और ईमानदारी से तैयारी करने का आह्वान किया तथा कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने भाग्यश्री राजपुरोहित की उपलब्धि को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में स्थान बना रहे हैं, जिससे अन्य विद्यार्थियों का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद लूण सिंह राजपुरोहित, हरिसिंह राजपुरोहित, सुभाष चंद्र, अमित सैनी, दिनेश सोनी, इंदू रेवानी, निधि जोशी, प्रेरणा सोलंकी, करिश्मा राठौड़, रेनू मटनानी, कांता असावा, संतोष बोराणा, ज्योति कंवर, सुमन बारहठ, उर्वशी शर्मा, ऊषा देवी सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



