सेवा सप्ताह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विहिप-बजरंग दल ने किया वृक्षारोपण, जल्द लगेगा निशुल्क मेडिकल कैंप

पाली। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल पाली की ओर से चलाए जा रहे सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को टैगोर नगर स्थित हिंदू सेवा मंडल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत तथा उद्योगपति एवं विद्या भारती जिला व्यवस्था प्रमुख महावीर सालेचा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी आह्वान किया।
वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम में नीम, जामुन, गुलमोहर, कनेर, गुलाब और बिदाम सहित छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। आयोजकों ने बताया कि मानसून के मौसम में लगाए गए पौधों के जीवित रहने और बेहतर विकास की संभावना अधिक रहती है, जिससे हरित क्षेत्र का विस्तार होगा।
जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत संगठन द्वारा वृक्षारोपण के साथ-साथ विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी दिनों में निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर, प्रांत सुरक्षा प्रमुख अनिल चौहान, जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत, संयोजक कैलाश कुमावत, श्रवण भिलवाड़ा, प्रमोद गौड़, श्रवण रावल, नरेश पांडे, देवीसिंह राजपुरोहित सहित विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।



