google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली NSUI की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, 96 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी, छात्र हितों की लड़ाई तेज करने का ऐलान

पाली : राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए पाली जिले की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह जाखोड़ा और कार्यकारी जिलाध्यक्ष गणपत पटेल द्वारा जारी कार्यकारिणी में जिलेभर के सक्रिय और छात्र हितों के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नई कार्यकारिणी में कुल 96 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें 17 जिला उपाध्यक्ष, 39 जिला महासचिव और 40 जिला सचिव नियुक्त किए गए हैं। संगठन का दावा है कि नई टीम छात्र हितों के मुद्दों को मजबूती से उठाने और महाविद्यालयों में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का कार्य करेगी।

जिला उपाध्यक्ष पद पर भरत सिंह भाटी, भरत चौधरी, राकेश गहलोत, चैनसिंह भाटी, सुनील कुमावत सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

इसी प्रकार जिला महासचिव के रूप में प्रकाश पटेल, कुशाल चौहान, नरेश मीणा, साहिल तेजी, प्रकाश देवासी सहित कई युवा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। वहीं जिला सचिव पद पर रमेश पटेल, श्रवण कंसारा, मुकेश मेघवाल, सुखदेव पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यकारी जिलाध्यक्ष गणपत पटेल ने कहा कि यह केवल संगठनात्मक नियुक्तियां नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प हैं। नई कार्यकारिणी छात्रवृत्ति, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा परिणाम, रोजगार, महिला सुरक्षा, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल सुविधाओं और महाविद्यालयों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने कहा कि NSUI हमेशा विद्यार्थियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है और नई टीम भी अनुशासन, सक्रियता और समर्पण के साथ प्रत्येक छात्र की आवाज बनने का प्रयास करेगी।

जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह जाखोड़ा ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। आने वाले समय में जिलेभर के महाविद्यालयों में सदस्यता अभियान, छात्र संवाद कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान तथा छात्र हितों से जुड़े विभिन्न आंदोलन और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य पाली जिले के प्रत्येक कॉलेज तक NSUI की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करना है।

नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं में उत्साह देखने को मिला। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन की मजबूती और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यकारी जिलाध्यक्ष गणपत पटेल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम पाली जिले में NSUI को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ छात्र हितों की आवाज को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button