‘आओ गांव चले अभियान’ को मिला जनसहयोग, बाली जिला चिकित्सालय को भामाशाहों ने भेंट किए एसी, वाटर कूलर और 20 बेंच

पाली जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के मार्गदर्शन में संचालित ‘आओ गांव चले अभियान’ के तहत बाली जिला चिकित्सालय में जनसहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। अभियान के अंतर्गत समाजसेवियों और भामाशाहों की भागीदारी से अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सेसली-बोया पुनम ग्रुप ने जिला चिकित्सालय बाली को 20 थ्री-सीटर लोहे की बेंच, एक वाटर कूलर और एक एयर कंडीशनर (एसी) भेंट कर अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत टेलर ने बताया कि जिला कलक्टर की प्रेरणा से समाज के विभिन्न वर्गों को अस्पताल विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में सेसली-बोया पुनम ग्रुप को प्रेरित किया गया, जिसके बाद संस्था ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में लगाई जाने वाली नई बेंचों से मरीजों और उनके परिजनों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी, जबकि वाटर कूलर और एसी से अस्पताल का वातावरण अधिक सुविधाजनक एवं आरामदायक बनेगा।
डॉ. टेलर ने कहा कि ‘आओ गांव चले अभियान’ का उद्देश्य जनसहयोग के माध्यम से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करते हैं, तो सरकारी अस्पतालों में भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
उन्होंने जिले के भामाशाहों, समाजसेवियों और दानदाताओं से अपील की कि वे भी इस अभियान से जुड़कर जिला चिकित्सालय बाली के विकास में अपना योगदान दें, ताकि मरीजों को आधुनिक, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
जिला चिकित्सालय प्रशासन ने सहयोग करने वाले सेसली-बोया पुनम ग्रुप एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से अस्पताल की सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रशासन ने विश्वास जताया कि समाज की इसी भागीदारी से ‘आओ गांव चले अभियान’ आने वाले समय में और अधिक प्रभावी बनेगा तथा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।



